नौरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 336 प्रतिबंधित कफ सिरप व नशीली गोलियों के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
नौरोजाबाद /उमरिया- उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 336 नग प्रतिबंधित कफ सिरप एवं नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई बीती रात करीब 10 बजे की गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नौरोजाबाद थाना प्रभारी बलेंद्र शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करकेली बन्ना नाला निवासी संतोष गुप्ता के तीन पुत्र — नीलेश, अंकित और सूजल गुप्ता — भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप एवं नशीली गोलियां अपने पास रखकर बिक्री की फिराक में हैं।


सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान नीलेश गुप्ता (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (23 वर्ष) एवं सूजल गुप्ता (21 वर्ष) — जो आपस में सगे भाई हैं — के कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप एवं नशीली गोलियां बरामद की गईं।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने खुलासा किया कि शेष प्रतिबंधित कफ सिरप अंशु गुप्ता पिता ओमप्रकाश गुप्ता (20 वर्ष) के पास ग्राम देवगवां में रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम तीनों आरोपियों को साथ लेकर देवगवां स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास बने एक मकान पर पहुंची, जहां से अंशु गुप्ता को तीन कार्टून प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों से कुल 336 नग प्रतिबंधित कफ सिरप व नशीली गोलियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बलेंद्र शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अनिल सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अवधेश दहिया, आरक्षक रवींद्र मौर्य एवं नरेंद्र सुलखे की भूमिका सराहनीय रही।
नौरोजाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।