NH-43 की बदहाल सड़क को लेकर जिला पंचायत सदस्य रामजी रिंकू ने खोला मोर्चा

6 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, भारी वाहनों का परिवहन रोकने का ऐलान

अनूपपुर/बिजुरी। बेलिया छोट-बिजुरी सड़क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर जिला पंचायत सदस्य रामजी रिंकू मिश्रा ने प्रशासन के सामने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनूपपुर-क-कोतमा को पत्र सौंपकर 6 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
रामजी रिंकू मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि NH-43 से बेलिया छोट-बिजुरी सड़क मार्ग में बेलिया छोट के पास क्षतिग्रस्त सड़क का स्थाई निर्माण/मरम्मत नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र के अनुसार, अडानी पावर प्रोजेक्ट में आने-जाने वाले ओवरलोड एवं हैवी कमर्शियल वाहनों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होकर बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सड़क निर्माण नहीं हुआ तो भारी वाहनों का परिवहन रोकने की चेतावनी
जिला पंचायत सदस्य ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि 6 सितंबर से उक्त सड़क मार्ग से हैवी लोड कमर्शियल वाहनों का परिवहन बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक सड़क का स्थाई रूप से सुधार/निर्माण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर जिला अनूपपुर एवं थाना प्रभारी बिजुरी को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि 6 सितंबर से प्रस्तावित आंदोलन से पहले प्रशासन सड़क की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।