अनूपपुर : तालाब में मिला लापता युवक का शव, 16 घंटे बाद रेस्क्यू दल ने किया बरामद
तालाब में मिला लापता युवक का शव, 16 घंटे बाद रेस्क्यू दल ने किया बरामद
गुरुवार शाम से था लापता, चप्पल मिलने के बाद तालाब में डूबने की आशंका पर शुरू हुई खोजबीन
अनूपपुर, 4 सितंबर। जिला मुख्यालय अनूपपुर से करीब 11 किलोमीटर दूर ग्राम लखनपुर में गुरुवार शाम से लापता 21 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को अमहाई तालाब से बरामद किया गया। करीब 16 घंटे तक चली खोजबीन के बाद एसडीईआरएफ आपदा प्रबंधन के रेस्क्यू दल ने युवक के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला और कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम लखनपुर के वार्ड क्रमांक 7, शंकर मंदिर के पास रहने वाले रोजगार सहायक निरंजन पटेल का 21 वर्षीय पुत्र प्रतीक उर्फ आकार पटेल गुरुवार 3 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर युवक की विभिन्न स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित अमहाई तालाब की मेढ़ के पास युवक की चप्पल पड़ी मिली। चप्पल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने युवक के तालाब में डूबने की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी और तालाब में खोजबीन कराने की मांग की।
सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय अनूपपुर से एसडीईआरएफ आपदा प्रबंधन का रेस्क्यू दल प्रभारी रामनरेश भवेदी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम के साथ मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू दल ने तालाब में विभिन्न माध्यमों से सघन खोजबीन शुरू की। शुक्रवार दोपहर गहरे पानी में युवक का शव दिखाई देने पर टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद शव कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया। सहायक उप निरीक्षक महिपाल प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा तैयार कर साक्षियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर में ड्यूटी डॉक्टर द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
पढ़ाई में था होनहार
मृतक प्रतीक पटेल अनूपपुर स्थित आईटीआई में अध्ययनरत था। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार था और अध्यापन में भी उसकी विशेष रुचि थी। युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।


