दिल्ली। लोहा पुल के पास यमुना में दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस प्राथमिकी करके मामले की जांच कर रही है।

जब घरवालों को आया फोन

राजा अपने परिवार के साथ शास्त्री पार्क में रहते थे। परिवार में पिता मोहम्मद रजी, मां शबाना, पत्नी नाजिया और डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। युवक का सोफे बनाने का काम था। उसके पिता ने बताया कि राजा शुक्रवार दोपहर नमाज पढ़ने की बात कहकर घर से निकला था। उनके छोटे बेटे अरमान ने दोपहर दो बजे राजा को फोन घर की सब्जी लाने को कहा था। उसने कहा कि वह आ नहीं सकता, उसने घर पर यूपीआई के जरिये 120 रुपये भेज दिए। इसके आधे घंटे के बाद घर पर फोन आया कि राजा यमुना में डूब गया।

दोस्तों ने किसी तरह निकाला बाहर

पुलिस को जांच में पता चला कि राजा अपने छह दोस्तों के साथ यमुना में गया था, जैसे ही वह पानी में उतरा डूबता चला गया। उसके दोस्तों ने किसी तरह से उसे बाहर निकाला। अस्पताल में भर्ती करवाया तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।