नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड की शुरुआत हो गई है, आज दिल्ली में सुबह अच्छी-खासी ठंड महसूस की गई। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली के तापमान में सुबह गिरावट देखी गई है। मार्निंग वॉक करने वाले लोग जैकट और टोपी में दिखाई पड़ने लगे हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिन में धूप निकलेगी जिससे लोगों को राहत मिलेगी और आज यहां पर अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा। जहां दिल्ली अब ठंडी होने लग गई है वहीं दूसरी ओर राजधानी में प्रदूषण चरम पर है। लोगों को अभी भी यहां पर सांस लेना काफी मुश्किल हो रहा है। आज भी यहां का एक्यूआई 400 के पार चल रहा है। आने वाले दिनों में यहां पर स्थिति और भी गंभीर होने के आसार हैं क्योंकि जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी वैसे-वैसे प्रदूषण भी बढ़ेगा। दिल्ली से सटे नोएडा में एक्यूआई 389 और गाजियाबाद में भी 398 है। आज नोएडा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आस-पास रहने के आसार है और यहां भी धुंध छाई हुई है। जबकि दूसरी ओर दक्षिण में मौसम का मिजाज खराब है। तमिलनाडु में भारी बारिश हो रही है। तो वहीं  कर्नाटक और आंध्रा में भी हल्की बारिश के आसार हैं।