दमोह ।  कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा का शुभारंभ मंगलवार को बांदकपुर से किया गया। जिसमें कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव शामिल हुए। उन्होंने जागेश्वरनाथ धाम में भगवान शिव के दर्शन करने के बाद जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा की उन्हे जनयात्रा नहीं माफी यात्रा निकालनी चाहिए। यह सरकार किसान विरोधी, महिला विरोधी और युवा विरोधी सरकार है और 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार बन गई है।

जन माफी यात्रा निकालना चाहिए

अरुण यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा जो घोषणाएं की जा रही है उनका जनता पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। इसलिए हम कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन आशीर्वाद यात्रा की जगह जन माफी यात्रा निकालना चाहिए। उन्होंने कहा की 2023 में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी और हमने जो वायदा किया है वह पूरा किया जाएगा।

प्रधानमंत्री क्यों कर रहे इतने दौरे

यादव ने कहा है कि कांग्रेस सरकार आने के बाद 500 रुपए में गैस सिलेंडर, महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, किसानों का कर्जा माफ और बिजली बिल में राहत दी जाएगी। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को कितना आशीर्वाद मिल रहा है यह आप सभी ने देखा है। एक दिन पूर्व सागर में ही जन आशीर्वाद यात्रा में क्या हुआ सभी को पता है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय ग्रह मंत्री को करीब 7 बार मध्यप्रदेश आना पड़ रहा है आखिर क्या बात है।

जनता विरोध करती हुई नजर आ रही

यादव ने कहा है कि यह सरकार भ्रष्ट सरकार बनकर रह गई है। जनता भाजपा का विरोध करती हुई नजर आ रही है। अरुण यादव ने कहा की कांग्रेस की 7 जनाक्रोश यात्राएं निकलनी है जिसकी शुरूआत मंगलवार से हो गई है। जनाक्रोश यात्रा में दमोह विधायक अजय टंडन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रतनचंद जैन, मनु मिश्रा के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।