रोम । इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने अपनी वसीयत में अपनी 33 वर्षीय प्रेमिका मार्ता फासीना के लिए 100 मिलियन यूरो छोड़े हैं। पूर्व प्रधानमंत्री के साम्राज्य की कीमत 6 बिलियन यूरो से अधिक आंकी गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, फोर्जा इटालिया की डिप्टी फासीना ने मार्च 2020 में बर्लुस्कोनी के साथ रिश्ता शुरू किया। हालांकि बर्लुस्कोनी ने फासीना से कानूनी तौर पर शादी नहीं की थी। लेकिन समझा जाता है कि बर्लुस्कोनी ने कथित तौर पर अपने आखिरी समय में फासीना को अपनी पत्नी के रूप में संदर्भित किया था। 
33 वर्षीय फासीना, 2018 के आम चुनाव के बाद से इतालवी संसद के निचले सदन की सदस्य रही हैं। वह फोर्जा इटालिया की सदस्य हैं, जिस पार्टी की स्थापना बर्लुस्कोनी ने 1994 में उस वक्त की थी, जब उन्होंने पहली बार राजनीति में प्रवेश किया था। इस बीच, बर्लुस्कोनी के व्यापारिक साम्राज्य का नियंत्रण उनके दो सबसे बड़े बच्चों मरीना और पियर सिल्वियो द्वारा किया जाएगा। ये दोनों पहले से ही व्यवसाय में कार्यकारी भूमिका निभा रहे हैं। इनके पास फिनइन्वेस्ट परिवार की हिस्सेदारी में 53 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। बीते 12 जून को बर्लुस्कोनी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया था।  बर्लुस्कोनी अक्सर अपनी कामेच्छा का दावा करते थे और अपने विला में तथाकथित बंगा बंगा पार्टियों में दोस्तों और विश्व नेताओं का मनोरंजन करते थे।
 उन्होंने 2010 में कहा था, मुझे जीवन से प्यार है! मुझे महिलाएं पसंद हैं! बर्लुस्कोनी का जन्म 29 सितंबर, 1936 को मिलान में एक मध्यवर्गीय बैंकर के बेटे के रूप में हुआ था। उन्होंने कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने 25 साल की उम्र में एक निर्माण कंपनी शुरू की और मिलान के बाहरी इलाके में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए कई अपार्टमेंट का निर्माण कराया। बता दें कि बर्लुस्कोनी रंगीन पार्टियों और भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोपों के बावजूद सबसे लंबे समय तक इटली के प्रधानमंत्री रहे, लेकिन पिछले कुछ सालों से वह हृदय रोग तथा प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे।