भोपाल । मप्र विधानसभा के चुनाव में कामयाबी हासिल करने के लिए बीजेपी किसान मोर्चा भी अब मैदान में उतर गया है। किसान मोर्चा अब प्रदेश की सभी ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत ट्रैक्टर रैली निकालेगा। शनिवार को इसकी शुरुआत सीहोर जिले के इछावर से होगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में होने वाली किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी रणनीति पर निर्णय लिया गया।
बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह ने बताया कि मोर्चा ने 179 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में करीब 15 हजार सदस्य हर विधानसभा क्षेत्र में बनाने का लक्ष्य तय किया है। जिसमें केन्द्र की मोदी सरकार और मप्र की शिवराज सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई गई योजनाओं का जोर-शोर से प्रचार-प्रसार करने और कृषक वर्ग को इन योजनाओं की जानकारी देने के लिए मोर्चा के पदाधिकारी गांव-गांव, खेत-खेत तक जाएंगे।

20 अगस्त से शुरू होंगी नमो-शिव चौपाल
भाजपा किसान मोर्चा 20 अगस्त से नमो-शिव चौपाल की शुरुआत करेगा। इन चौपाल के जरिए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में दिग्विजय सिंह की सरकार के दौर की स्थिति और कमलनाथ के 15 महीने के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे को किसानों के बीच बताया जाएगा। इसके साथ ही पीएम और सीएम द्वारा किसानों के लिए चलाई गई योजनाओं के पोस्टर, पैम्पलेट्स भी बांटे जाएंगे। प्रदेश भर के कृषि विज्ञान केन्द्रों में किसानों और अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान उन्नत खेती करने वाले नए किसानों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही नए किसानों को भाजपा की सदस्यता भी दिलाई जाएगी।