रायपुर ।  भाजपा की चुनावी तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर निशाना साधा है। आईआईआईटी के दीक्षांत समारोह के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा प्रदेश संगठन से लेकर केंद्रीय नेताओं को कठघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के बंगला खाली करने और भ्रष्टाचार के सवाल पर कहा कि हमारे नेता तो बस बेल में है, जो जेल में थे, वो आज देश के गृहमंत्री हैं। चिटफंड कंपनी बनाकर मनी लांड्रिंग की गई है। इसकी जांच के लिए पत्र लिखा है, लेकिन जांच नहीं हो रही। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि अब समझ आ रहा है कि मनी लांड्रिंग का पैसा कहां जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव एप पर केस दर्ज किया है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है, क्योंकि जांच की आंच भाजपा नेताओं पर पड़ रही है।

सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार को संरक्षण भाजपा दे रही

कर्नाटक के दागी पूर्व मंत्री से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बातचीत पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिस पर आरोप लगा, उससे ही पीएम बात कर रहे हैं। भ्रष्टाचार को यदि संरक्षण नहीं दिया जा रहा तो अदाणी पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नही हुई। सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार को संरक्षण भाजपा दे रही है।

सरोज पांडेय के बयान पर सीएम का पलटवार

भाजपा की विधानसभावार समीक्षा के बाद राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने कहा था कि कार्यकर्ता हार के बारे में पहले ही भांप गए थे। सरोज के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वो पांच साल पीछे चल रहे, उन्हें पांच साल बाद याद आ रहा है। 15 साल उनको मौका मिला, लेकिन लूट-खसोट के अलावा कुछ नहीं किया। हमने जो काम किया, उसका असर ग्रामीण इलाको में देखने को मिलता है, इसलिए छत्तीसगढ़ माडल की चर्चा हो रही है।

मंत्रियों का आना-जाना लगा रहेगा

भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के प्रवास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दल अपनी-अपनी तैयारी करते हैं। कुछ दिनों पहले केंद्रीय मंत्री आए थे, अब प्रभारी आए हैं, फिर केंद्रीय मंत्री आएंगे, यह तो चलता रहेगा। रायपुर दक्षिण विधानसभा को माडल बनाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के चलते सभी अपनी कार्ययोजना बना रहे हैं।