मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने (भाजपा) जीत के लिए कमर कस ली है। 18 साल सरकार चलाने का अनुभव, प्रदेश की विकासगाथा और चमचमाती तस्वीर को जनता के सामने रखने के लिए भाजपा हर दिन अनोखे और दिलचस्प तरीके अपना रही है। इसी कड़ी में इस बार मैदान में उतरे हैं भाजपा के हाईटेक रथ, जो सभी 230 विधानसभा के गांव, शहर, कस्बे, मुहल्लों में जाएंगे और इसके जरिए प्रदेश की जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। पार्टी इस हाईटेक रथ के माध्यम से रोजाना प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 सभाओं का आयोजन कर रही है।


1 करोड़ लोगों तक पहुंचेगा विकास का संदेश 
सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए भाजपा प्रतिदिन करीब 2300 से अधिक रथ सभाओं का आयोजन कर रही है। इसके साथ ही, चुनाव प्रचार अभियान के आखिरी दिन तक भाजपा करीब 50 हजार रथ सभाओं के माध्यम से करीब एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक अपना संदेश पहुंचाने का काम करेगी। इन हाईटेक रथों के माध्यम से वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियों व कांग्रेस की नाकामियों को जनता के सामने रखा जाएगा। बुंदेली, बघेली जैसी स्थानीय भाषाओं में ये वीडियो फिल्में सीधे जनता के दिल तक पहुंचेंगी।

बदलते भारत की कहानी और कांग्रेस की नाकामियों का चिट्ठा

भाजपा के इन हाईटेक रथों से पार्टी की उपलब्धियों का बखान करने वाले गीत भी बजाए जा रहे हैं, जो लोगों को इस रथ से जोड़ कर रखेंगे। मध्य प्रदेश के लोगों के मन में मोदी, लाड़ली बहना योजना पर बने क्रिएटिव गीत लोगों को बेहद पंसद आ रहे हैं।
इन प्रचार रथों के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जनसभाओं का लाइव भाषण भी लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इस अनोखे हाईटेक रथ के पास जनता को सुनाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत की कहानी भी है तो कांग्रेस की नाकामियों का काला चिट्ठा भी। इन हाईटेक रथ सभाओं में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और प्रत्याशी समय-समय पर उपस्थित रहेंगे। 
आपको बता दें कि भाजपा का यह हाईटेक रथ एकदम अलग और बेहद अनोखा है। इसमें इंटरनेट, टीवी, साउंड सिस्टम विभिन्न भाषणों और गानों की सीडी के साथ अन्य प्रसार प्रचार सामग्री भी उलपब्ध है। रथ पर क्यूआर कोड की भी व्यवस्था की गई है, जिसे स्कैन करके भाजपा के पक्ष में मतदान कराने की प्रतिज्ञा भी कराई जाएगी। 
बताते चलें कि कि भाजपा विभिन्न चुनावों में हाईटेक प्रचार के माध्यम से जनता तक पहुंचने और जन-संवाद की स्थापित करने में आगे रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में हाईटेक आक्रामक प्रचार रथों के माध्यम से भाजपा ने प्रचंड विजय हासिल की थी। इस हाईटेक रथ मोदी जी के मंत्र को और कमल के निशान को प्रदेश के जन- जन तक, घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगी।