बुरहानपुर ।   कांग्रेस ने गुरुवार देर रात प्रत्याशियों की एक और सूची जारी कर दी है! जिसमें बुरहानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रहे ठाकुर सुरेंद्र सिंह को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा नेपानगर विधानसभा सीट से गेंदु बाई को प्रत्याशी घोषित किया गया है। सुरेंद्र सिंह शेरा को प्रत्याशी बनाए जाने का देर रात से ही विरोध शुरू हो गया है।

सुरेंद्र सिंह का पुतला तक फूंक दिया

रात करीब 1:00 बजे कांग्रेस के स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ठाकुर सुरेंद्र सिंह का पुतला तक फूंक दिया। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हमीद काजी और प्रदेश महासचिव अजय रघुवंशी भी पार्टी के इस निर्णय से असंतुष्ट है। उन्होंने कहा है कि वे पार्टी आला कमान से इस निर्णय को बदलने की मांग करेंगे। बावजूद इसके यदि पार्टी निर्णय नहीं बदलती तो विरोध स्वरूप कांग्रेस नेता निर्दलीय प्रत्याशी को खड़ा कर सकते हैं।

अल्पसंख्यक कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग

बुरहानपुर विधानसभा सीट से अल्पसंख्यक कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग भी जोर पकड़ रही है। हामिद काजी सहित अन्य नेताओं का कहना है कि विधानसभा में करीब सवा लाख अल्पसंख्यक मतदाता है। ऐसे में इस वर्ग की उपेक्षा पार्टी को भारी पड़ सकती है। बरहाल एक बार फिर जिले में जिस तरह की गुटबाजी है उसे देखते हुए कांग्रेस को डैमेज कंट्रोल के लिए वरिष्ठ नेताओं का सहारा लेना पड़ सकता है।

निकलेगा जुलूस

टिकट फाइनल होने के बाद गुरुवार रात ही ठाकुर सुरेंद्र सिंह दिल्ली से रवाना हो गए थे। आज दोपहर 2:30 बजे वे पठानकोट एक्सप्रेस से बुरहानपुर पहुंच रहे हैं। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने लालबाग रेलवे स्टेशन से शहर तक जुलूस निकालने की तैयारी की है। खुली जीप व अन्य वाहनों में सवार होकर कार्यकर्ता विधायक सुरेंद्र सिंह को शहर तक लाएंगे। इस दौरान ढोल ताशे और रंग गुलाल का प्रबंध भी किया गया है।