IPL: दिल्‍ली कैपिटल्‍स के लिए मौजूदा आईपीएल में कुछ भी अच्‍छा नहीं हो रहा है। डेविड वॉर्नर के नेतृत्‍व वाली दिल्‍ली कैपिटल्‍स को पिछले शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों 23 रन की शिकस्‍त सहनी पड़ी थी। इसके बाद मंगलवार को दिल्‍ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद फ्रेंचाइजी को तगड़ा झटका लगा।

रिपोर्ट के मुताबिक बेंगलुरु से दिल्‍ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पाया गया कि दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने अपने कई बल्‍ले, पैड और अपने सामान में से कई अन्‍य चीजें गायब पाई यानी यह चोरी हुई। एएनआई ने ट्वीट करके जानकारी दी, 'दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने कई बल्‍ले, पैड और अपने सामान में से कई अन्‍य सामान चोरी पाए। वो बेंगलुरु से दिल्‍ली एयरपोर्ट पर लैंड हुए थे।'

दिल्‍ली कैपिटल्‍स खेमा इस घटना को लेकर चिंतित है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने फ्रेंचाइजी का जमकर मजाक उड़ाने से परहेज नहीं किया। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के फ्लॉप प्रदर्शन से फैंस निराश हैं और इस खबर के जरिये उन्‍होंने अपनी भड़ास निकाली।

एक यूजर ने लिखा, 'वो वैसे भी इसका उपयोग नहीं कर रहे थे। अब टॉस के बाद इन्‍हें सरेंडर कर देना चाहिए।' एक यूजर ने लिखा, 'पांच मैच हार गए। वैसे भी बैट, पैड कोई काम नहीं आ रहे हैं।'

पहली जीत की तलाश में दिल्‍ली

दिल्‍ली कैपिटल्‍स को अपना अगला मैच गुरुवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलना है। यह मैच दिल्‍ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्‍टेडियम में खेला जाएगा। डेविड वॉर्नर के नेतृत्‍व वाली दिल्‍ली कैपिटल्‍स की कोशिश पहली जीत हासिल करने की होगी। डीसी को अपने पिछले पांचों मैच में शिकस्‍त मिली और वो आईपीएल 2023 की अंक तालिका में आखिरी स्‍थान पर है।