दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों केंद्र द्वारा लाए अध्यादेश के खिलाफ विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने की कोशिशों में लगे हैं। वे लगातार विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को केजरीवाल ने सीपीएम नेता सीताराम येचुरी से मुलाकात कर अध्यादेश के खिलाफ उनका समर्थन मांगा। 

सीताराम येचुरी ने केजरीवाल से पूरा समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संविधान के खिलाफ जाकर काम कर रही है। हमें एकजुट होकर इन्हें रोकना होगा। हम केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश की निंदा करते हैं। यह असंवैधानिक है। यह कोर्ट की अवमानना भी है। सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस से हमारा संविधान बचाने के लिए आगे आने की अपील है।

सीपीएम नेता सीताराम येचुरी से मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली में मोदी सरकार अपनी तानाशाही चला रही है, दिल्ली की जनता के हक छीन रही है। आज CPI(M) के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी एवं पार्टी के अन्य नेताओं से मिलकर इस मुद्दे पर चर्चा की। सभी नेताओं का मानना है कि मोदी सरकार दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय कर रही है। CPI(M) ने दिल्ली के लोगों के समर्थन में एक रैली भी निकाली थी, संसद में भी CPI(M) दिल्ली के लोगों का साथ देगी। दिल्ली की जनता की तरफ से मैं येचुरी साहब एवं अन्य सभी नेताओं का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।'