छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रविवार शाम 15 साल की लड़की की डबरा में डूबने से मौत हो गई। लड़की नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया। जब काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी तो परिजन तलाश करने निकले। इसके बाद हादसे का पता चला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला परपा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बुरुंगपाल निवासी शंकर की इकलौती बेटी कुमारी गीता रविवार शाम को घर से 100 मीटर दूर डबरा में नहाने के लिए गई थी। वहां से घंटों बाद भी गीता नहीं लौटी तो पिता उसकी तलाश करने के लिए निकले। जहां उसका कपड़ा दिखाई दिया। इसके बाद डबरा में उसे तलाश किया तो गीता डूबी हुई मिल गई। परिजन उसे निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मना करने के बाद भी गीता डबरा में नहाने के लिए गई थी। पुलिस ने सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।