नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रविवार को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में रविवार को मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। सोमवार और मंगलवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिमी मानसून दिल्ली पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस वजह से दो दिन में (26 जून तक) मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। इस वजह से मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को भी येलो अलर्ट जारी किया है।

अगले दो दिनों में यहां पहुंच जाएगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंच चुका है। इस वजह से शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी वर्षा हुई। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों पर भी वर्षा हुई है।

अगले दो दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ दिल्ली में भी पहुंचने की संभावना है। इससे पूरी दिल्ली में वर्षा हो सकती है।

दिल्ली में शनिवार को तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस सीजन में पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचा है। आद्रता अधिकतम 81 प्रतिशत और न्यूनतम 52 प्रतिशत दर्ज किया गया।