राजधानी में सुबह हल्का कोहरा रहा रहा। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती तूफान मिचौंग (Cyclone Michaung) के असर के कारण आकाश में बादल छाए रहे। सुबह हवा शांत और आकाश में बादल होने के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे सोमवार सुबह पिछले आठ वर्षों में दिसंबर में दूसरी सबसे गर्माहट भरी सुबह रही।

मंगलवार को साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से आकाश साफ रहेगा और अगले चार दिन तक मध्यम स्तर का कोहरा होगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान ऐसा ही बना रहेगा। 10 दिसंबर को तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। यह वर्ष 2015 के बाद दिसंबर में दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। वर्ष 2015 में 11 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था।

इसके बाद वर्ष 2021 में छह दिसंबर को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद इस बार चार दिसंबर को न्यूनतम तापमान अधिक दर्ज किया गया। रविवार रात पालम में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। सफदरजंग में भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी।