पेंड्रा बाईपास निर्माण आंदोलन को मिला पत्रकारों का समर्थन, धरना स्थल पहुंचे अनूपपुर से मनोज शुक्ला
पेंड्रा बाईपास निर्माण आंदोलन को मिला पत्रकारों का समर्थन, धरना स्थल पहुंचे अनूपपुर से मनोज शुक्ला
पेंड्रा/ अनूपपुर। पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा पेंड्रा मे धरना दिया जा रहा है, इस धरना प्रदर्शन को पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश का भी का समर्थन भी मिल रहा है, बताया जाता है कि इस पड़ोसी राज्य अनूपपुर,शहडोल, उमरिया, के आम जानो का भी इस मार्ग से व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं, व अन्य कार्य से आना-जाना लगा रहता है, और पेंड्रा में बाईपास ना होने की वजह से उन्हें जाम जैसे स्थिति से गुजरना पड़ता इसी पीड़ा को देखते हुए आज 11 जुलाई को अनूपपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार, व समाजसेवी मनोज शुक्ला ने भी जिला प्रेस क्लब के धरना प्रदर्शन में पहुंचकर अपना समर्थन दिया व आंदोलनकारी से मुलाकात कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
धरना स्थल पर उपस्थित आंदोलनकारियों ने बताया कि पेंड्रा नगर से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण लगातार यातायात दबाव बढ़ रहा है। आए दिन जाम और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासी लंबे समय से बाईपास निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
पत्रकार मनोज शुक्ला ने आंदोलनकारियों की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना मीडिया का दायित्व है। उन्होंने बाईपास निर्माण की आवश्यकता को क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता की आवाज संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन तक पहुंचनी चाहिए।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि जन आंदोलन और मीडिया के सहयोग से उनकी वर्षों पुरानी मांग को बल मिलेगा तथा शासन जल्द ही पेंड्रा बाईपास निर्माण को लेकर सकारात्मक निर्णय लेगा।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक बाईपास निर्माण को लेकर ठोस घोषणा और कार्य प्रारंभ नहीं होता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पेंड्रा के विकास, सुरक्षित यातायात और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बाईपास निर्माण अब समय की सबसे बड़ी मांग बन चुका है।


