प्रयागराज : संगमनगरी से हरियाणा की राह अब और आसान हो जाएगी। एक और सीधी ट्रेन प्रयागराज को मिलने जा रही है। भिवानी (हरियाणा) जाने वाली कलिंदी एक्सप्रेस का प्रयागराज तक विस्तार किया जा रहा है। पांच अगस्त से यह गाड़ी प्रयागराज से चलेगी।

कालिंदी का कोच भी अपग्रेड कर एलएचबी में परिवर्तित किया जा रहा है। इससे यह ट्रेन अब और सुविधाजनक व सुरक्षित हो जाएगी। साथ ही इसकी गति भी बढ़ेगी। प्रयागराज से यह गाड़ी नंबर 14117 के रूप में पहचानी जाएगी। जबकि भिवानी की ओर से इसका नंबर 14118 होगा।

प्रयागराज से हरियाणा तक होगा संचालन

वर्तमान में इसे 14723-14724 के रूप में जाना जाता है। इस ट्रेन के प्रयागराज से चलने पर कन्नौज जाना हो या फर्रुखाबाद यात्रा आसान होगी। कालिंदी मैनपुरी के रास्ते हरियाणा के भिवानी तक चलेगी। अभी इस ट्रेन का संचालन कानपुर सेंट्रल से भिवानी जंक्शन के बीच हो रहा है।

बोर्ड की ओर कालिंदी के विस्तार पर मुहर लग गई है और नई समय सारिणी के अनुसार पांच अगस्त से यह प्रतिदिन अपराह्न 3.50 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल यह 6.20 बजे, अनवरगंज 6.43 बजे व रात 9.50 बजे फर्रुखाबाद व 9.05 बजे भिवानी जंक्शन पहुंचेगी। खास बात की कानपुर से इसका संचालन होने पर भी यह सुबह 9.5 बजे ही भिवानी पहुंचती है।