भोपाल ।  एयर इंडिया की भोपाल से दिल्ली जा रही सुबह की उड़ान में मंगलवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई। उड़ान टेक ऑफ नहीं हो सकी। इस कारण इसे निरस्त करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की उड़ान संख्या ए आई 435 सुबह निर्धारित समय पर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हो गई थी। सुबह करीब 9:00 बजे यह उड़ान वापस दिल्ली रवाना होने वाली थी। उसी समय उड़ान के इंजन में कुछ खराबी महसूस हुई। इंजीनियरों ने उड़ान को चेक किया लेकिन इसे समय पर ठीक नहीं किया जा सका। बताया जाता है कि इंजन से कुछ असामान्य आवाज आ रही थी।

उड़ान को फिटनेस लायक नहीं पाए जाने पर इसे निरस्त कर दिया गया। यात्रियों को बताया गया कि फ़िलहाल वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था नहीं हो पाएगी, इसलिए या तो वे रिफंड ले या दूसरी उड़ानों से रवाना हो जाए। उड़ान खराब होने के कारण कुछ यात्रियों ने कल की उड़ान से जाने की सहमति दी। कुछ यात्रियों ने इंडिगो की उड़ान से दिल्ली रवाना होने की सहमति दी। खबर लिखे जाने तक विमान को ठीक किया जा रहा था लेकिन विमान को ठीक नहीं किया जा सका था।