सागर  ।  अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार को सागर के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के कजलीवन मैदान में आमसभा कर रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद खरगे का यह पहला मप्र दौरा है। वह दोपहर करीब 12 बजे भोपाल से हैलीकाप्टर के जरिए पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ भी हेलिकाप्टर में खड़गे के साथ आए। यहां खरगे की जनसभा के साथ बुंदेलखंड में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद होगा। सभास्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जमा है। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, कमलेश्वर पटेल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

खरगे कजलीवन मैदान में आयोजित जनसभा में शिरकत करने के बाद दोपहर 1.30 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। इससे पहले सागर में श्री खरगे की सभा को लेकर लोगों की भीड़ जुटने हो गई। श्री खरगे को सुनने के लिए सागर जिले के अलावा अन्य जिलों से भी लोग पहुंचे हैं। कजलीवन मैदान में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इससे पहले 8 फरवरी 2023 को इसी मैदान पर संत रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा की थी। यहीं मुख्यमंत्री चौहान ने संत रविदास महाराज के सौ करोड़ की लागत से बनने वाले मंदिर की घोषणा की थी। बाद में 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर की आधारशिला रखी थी। इसके बाद यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की सभा हो रही है।

दिग्विजय एक दिन पहले ही सागर पहुंचे

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ भोपाल से हेलिकाप्टर में खड़गे के साथ आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, सुरेश पचौरी समेत वरिष्ठ नेता सोमवार काे ही सागर पहुंच चुके थे। नेताओं ने कजलीवन मैदान पहुंचकर सभा की तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पचौरी ने बताया कि खरगे सागर में दो घंटे रुकेंगे।

मंच के पीछे ही बनाया गया हेलीपैड

शहर अध्यक्ष पचौरी ने बताया कि सभा स्थल के पास ही हेलीपैड बनाया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारीगण सागर पहुंच गए हैं। रात में भी बैठकों का दौर चलेगा। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील जैन, निधि जैन, पुरषोत्तम मुन्ना चौबे, अशोक श्रीवास्तव, राहुल चौबे, शारदा खटीक, रमाकांत यादव, प्रशांत समैया, जितेंद्र खटीक, आनंद तोमर आदि शामिल रहे।

अजा वर्ग को साधने का यत्न

यह सभा बुंदेलखंड में सर्वाधिक 22 प्रतिशत अजा वर्ग के मतदाताओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। कांग्रेस पिछले कुछ चुनावों में इस वोट बैंक का राजनीतिक लाभ नहीं ले पाई है। बुंदेलखंड में अजा वर्ग के लिए छह सीटें आरक्षित हैं, इनमें पांच पर भाजपा के एवं एक पर कांग्रेस का विधायक है।

इस सभा से कांग्रेस को बड़ी उम्मीद

अब कांग्रेस 2023 के विधानसभा चुनाव में अजा वर्ग से बड़ी उम्मीद लगाए है। इसलिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे स्वयं दलित समुदाय से हैं। अपनी जाति को साधने बुंदेलखंड की राजनीतिक धुरी कहे जाने वाले सागर आ रहे हैं। सागर जिले में अजा वर्ग के मतदाताओं की संख्या 21 फीसद है। पिछले चुनाव में सागर जिले की अजा वर्ग की लिए आरक्षित बीना व नरयावली विधानसभा सीटें भले भाजपा ने जीती हों, लेकिन बीना में कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी थी। कांग्रेस यहां केवल 480 मतों से हारी थीं। सागर, नरयावली, बीना व खुरई विधानसभा में अजा वर्ग के मतदाता सबसे अधिक हैं। इन चारों सीटों पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है। इस वर्ग के वोट बैंक को साधने के लिए कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे की सभा सागर में कराई है।

पहले 13 अगस्त को तय था कार्यक्रम, बाद में बदला

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का पहले सागर का कार्यक्रम 13 अगस्त को तय हुआ था, लेकिन इस बीच 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सागर आगमन हो गया। इसके चलते श्री खरगे का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। अब इसे 22 अगस्त को किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पहली बार प्रदेश में आगमन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे मध्यप्रदेश में पहली बार आ रहे हैं। इसके लिए उन्होंने बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर को चुना। इस निर्णय से कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साह से भरे हैं।

जनता को पीले चावल देकर आमंत्रण

खरगे की सभा को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रीय सचिव तथा मप्र के सह प्रभारी सीपी मित्तल, शिव भाटिया, सभा के प्रभारी पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया एक सप्ताह से सागर में रुके हुए हैं। वहीं जिला कांग्रेस के दोनों ही अध्यक्ष राजकुमार पचौरी व डा. आनंद अहिरवार पूरी टीम के साथ वार्ड स्तर से लेकर गांव स्तर तक घरों में दस्तक दे रहे हैं और पीले चावल देकर आम जनता को आमंत्रित करने का काम कर रहे हैं।