इंद्रपुरी में बृहस्पतिवार देर शाम 11 साल के एक बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव घर के बेड बॉक्स में मिला। वारदात के समय बच्चा घर में अकेला था और माता-पिता काम पर गए हुए थे। पुलिस ने मां के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चे के पिता का अपनी महिला मित्र से झगड़ा हुआ था। ऐसे में मां ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है मृत बच्चे की शिनाख्त दिव्यांश के रूप में हुई है। वह पिता जितेंद्र और मां नीलू के साथ इंद्रपुरी के ई ब्लॉक में रहता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 8.30 बजे बीएलके अस्पताल से एक बच्चे की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। गर्दन पर घोटे जाने का निशान था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मां ने बताया कि वह फैक्टरी में काम करती है। पिता निजी कंपनी में काम करते हैं। बृहस्पतिवार देर शाम वह कार्यालय से घर पहुंची। घर में बेटा दिव्यांश नहीं था। उन्हें लगा कि वह डांस कक्षा में गया है। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो उसने तलाश शुरू की। डांस कक्षा में पूछे जाने पर पता चला कि बेटा कक्षा में नहीं आया है। उसके बाद पति को जानकारी दी। उसके बाद मां ने घर में एक बार फिर बेटे की तलाश शुरू की। इस दौरान उसने बेड का एक हिस्सा उठा हुआ देखा। उसे खोलने पर दिव्यांश बॉक्स में अचेत अवस्था में मिला। वह पड़ोसियों की मदद से बच्चे को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मां ने पति की एक महिला मित्र पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह मनमुटाव की वजह से अपने पति से अलग रह रही है। पति की एक महिला मित्र का उसके घर आना जाना है। इस वजह से कुछ दिन पहले उसका झगड़ा हुआ था। उसने महिला मित्र पर हत्या का आरोप लगाया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी महिला के बच्चे के घर आने के सबूत मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला ने ही बच्चे की हत्या की है।

ई-रिक्शा चालक की डंडे से पीटकर हत्या

कश्मीरी गेट इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर सवारी बैठाने के विवाद में एक ई-रिक्शा चालक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को पिता-पुत्र ने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी के फरार बेटे की तलाश कर रही है। मृतक की शिनाख्त पश्चिम बंगाल निवासी जहीरुद्दीन के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार ई-रिक्शा चालक की पहचान तायस खान के रूप में हुई है। फरार आरोपी असरुल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस को मोरी गेट गोल चक्कर के पास एक शख्स की डंडे से पिटाई करने की जानकारी मिली। मौके पर पुलिस को जहीरुद्दीन अचेत अवस्था में मिला। जिसे पुलिस ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि दो लोग एक व्यक्ति की डंडे से पिटाई कर रहे थे। आस पास मौजूद लोग हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने कहा कि पीड़ित ने उनके कई सवारियों को खराब किया है। इसलिए आज इसकी हत्या कर देंगे। हमलावर पीड़ित को तब तक मारते रहे जब तक वह अचेत नहीं हो गया।