सिवनी ।  विकास पर्व के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को निर्धारित समय से करीब एक घंटे देर से सिवनी पहुंचे। मुख्यमंत्री के छिंदवाड़ा चौक पहुंचते ही जोरदार वर्षा शुरू हो गई। यहां अपने संबोधन में सीएम ने कहा क‍ि पटवारी परीक्षा में संदेह जब तक समाप्त नहीं होगा तब तक नियुक्तियां नहीं होगी। उन्‍होंने कहा कि इस मामले की जांच होगी और गड़बड़ निकलेगी तो गड़बड़ करने वाले को मामा ठीक कर देगा। वर्षा के बीच मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा चौक स्थित गणेश मंदिर में पूजन अर्चन किया। साथ ही छिंदवाड़ा चौक में प्रस्तावित जय स्तंभ निर्माण स्थल पर ब्रह्मलीन जगतगुरु स्वामी स्वरूपानंद महाराज की चरण पादुका का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो शुरू किया। रोड शो के बाद सभा स्थल पहुंचकर उन्होंने कन्या पूजन किया और 287.48 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का आदिवासियों ने किया स्वागत किया। मंच से मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया।

बरसाए गए पुष्प

छिंदवाड़ा चौक से विशाल रोड शो मठ मंदिर रोड से मठ स्कूल, दुर्गा चौक होते हुए नगर पालिका के सामने से बस स्टैंड, बस स्टैंड पेट्रोल पंप के पास से सोमवारी चौक के सामने से दलसागर तालाब के मुख्यघाट के सामने पहुंचा। रोड शो के दौरान वर्षा थमने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपस्थित लोगों पर पुष्पों की वर्षा की। वहीं लोगों ने भी अपने घरों की छत से मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान अनेक कर्मचारी संगठनों व समूह की महिलाओं ने स्वागत किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ रही। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाने मुस्तैद रहा। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोनों हाथों से शहरवासियों का अभिवादन करते नजर आए।

कच्चे घर में रह रही अम्मा को मुख्यमंत्री ने कहा नया घर बनेगा

मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान रास्ते में एक बुजुर्ग महिला का टूटे हुए मकान को प्रशासन ने हरा कपड़ा लगाकर ढंक दिया था। इस पर कई लोगों ने आपत्ति भी दर्ज कराई थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने रोड शो के दौरान इसी रास्ते से गुजरते हुए बुजुर्ग महिला से मुलाकात की और उन्हें गले लगाकर उनका पक्का मकान बनवाने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए। इसका वीडियो भी सामने आया है।

रोड शो के बाद आमसभा

मुख्यमंत्री के रोड शो के कारण शहर के कई मार्गों को आवागमन के लिए बंद किया गया। डायवर्टेड मार्ग से लोगों ने आवागमन किया। वहीं यात्री बसों का संचालन भी डायवर्टेड मार्गाें से हुआ। रोड शो के बाद आम सभा का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले की ऐतिहासिक धरोहर राजा दलपत शाह के दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के भूमि पूजन सहित जिले के अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

पटवारी परीक्षा गड़बड़ी पर बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा समूह 2 उप समूह 4 एवं पटवारी भर्ती परीक्षा के परीक्षा परिणाम में एक सेन्टर के परिणाम पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इस परीक्षा के आधार पर की जाने वाली नियुक्तियां अभी रोक रहा हूँ। सेन्टर के परिणाम का पुनः परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटवारी परीक्षा में संदेह जब तक समाप्त नहीं होगा तब तक नियुक्तियां नहीं होगी। जांच होगी और गड़बड़ निकलेगी तो गड़बड़ करने वाले को मामा ठीक कर देगा।

इन विकास कार्यों की सौगात

विकास पर्व के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इसमें 9.40 करोड़ की लागत से निर्मित 17 किमी माल्हनवाड़ा से खैररांजी मार्ग, 1.15 करोड़ की लागत से निर्मित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भवन बरघाट, 3.53 करोड़ लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय बरघाट में छह अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, 1.31 करोड़ की लागत से ग्वारी (लखनादौन) प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन व आवास गृहों का निर्माण, 1.30 करोड़ की लागत से सिवनी नगरीय निकाय के पांच प्रमुख सड़कों का कायाकल्प के तहत डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

सिवनी को बनाया जाएगा नगर निगम

वहीं अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले को लेकर कई घोषणाएं भी की हैं। उन्होंने कहा कि सिवनी को नगर निगम बनाया जाएगा। इसके साथ ही कुरई में महाविद्यालय के लिए आवंटित भूमि में नवीन भवन के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी और धनौरा में कॉलेज खुलेगा।

32.76 करोड़ की लागत से सीएम राइज स्कूल धनौरा का निर्माण

32.76 करोड़ की लागत से सीएम राइज स्कूल धनौरा का निर्माण, 28.60 करोड़ की लागत से सीएम राइज स्कूल मुर्गहाई का निर्माण, 16.63 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर हेल्थ यूनिट सिवनी का निर्माण, 2.87 करोड़ की लागत से 8.542 किमी लम्बा सिवनी–मंडला (लोपा) से परासपानी मार्ग का निर्माण, 1.12 करोड़ की लागत से 3.88 किमी लम्बा सिवनी-मंडला (लोपा) से पलारी मार्ग निर्माण, 1.84 करोड़ की लागत से छह बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगहाई का निर्माण कार्य, 53.28 करोड़ की लागत से अमृत 2.0 के अंतर्गत सिवनी जलावर्धन योजना का निर्माण व विस्तार कार्य, 7.44 करोड़ की लागत से दल सागर तालाब में फाउंटेन लाइट व साउंड सिस्टम कार्य व 126.21 करोड़ की लागत से सिवनी शहर से गुजरने वाले पुराने एनएच सात पर 630 मीटर रेलवे ओवर ब्रिज व 12.67 किमी की लंबाई टूलेन सड़क के स्थान पर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।