पंजाब सरकार में स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह का कथित अश्लील वीडियो कॉल वायरल हो गया है। चुनाव के दौरान वायरल हुए इस वीडियो पर विपक्षी पार्टियां हमलावार हो गई हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि नौकरी पाने के लिए परेशान 21 साल की लड़की से उन्होंने जबरन अश्लील वीडियो किया। भाजपा ने कहा कि बलकार सिंह को जालंधर में अरविंद केजरीवाल के रोड शो में देखा गया था।

पंजाब के मंत्री बलकार सिंह के कथित वायरल अश्लील वीडियो पर पंजाब बीजेपी के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की विशेषता के बारे में बहुत कुछ बताता है। यह एक ऐसी चीज है जिसके बारे में बात करने में भी घिन आती है। यह तब और खतरनाक हो जाता है, जब कोई मंत्री इस तरह की हकरत करता है। इस वीडियो से लोगों में क्या संदेश जाएगा। बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि जब पार्टी बनी थी तब अरविंद केजरीवाल ने लोगों को आश्वासन दिया था कि पार्टी में निचले स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक सभी लोग साफ सुथरे चरित्र के होंगे। हमने अतीत में काफी कुछ देखा है और आज यह उनके दावों के विपरीत है। पंजाब के मंत्री ने महिला के साथ जो किया है उसके बारे में हम एक सभ्य समाज में बात भी नहीं कर सकते हैं।

केजरीवाल के रोड शो में मौजूद था मंत्री

शाजिया इल्मी ने कहा कि हम सोच भी नहीं सकते हैं कि वह महिला किस दौर से गुजरी होगी। मुझे लगता है कि पार्टी लाइन से परे सभी लोगों और आम जनता को, जो सभ्य समाज से हैं उन्हें अरविंद केजरीवाल से सवाल करना चाहिए। इस व्यक्ति ने एक 21 साल की लड़की के साथ में गलत हरकत की है, जो नौकरी ढूंढ रही थी। इस मंत्री को जालंधर में अरविंद केजरीवाल के रोड शो में देखा गया था।