नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में मानसून सक्रिय होने के बाद लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाके का मौसम खुशनुमा हो गया है।  

मौसम विभाग ने शुक्रवार के मौसम का हाल बताते हुए कहा कि शुक्रवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान में गिरावट होगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

शुक्रवार को भी जारी है बारिश का दौर

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। अधिकतम न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 25 डिग्री रह सकता है। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होने का अनुमान है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने शहर में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में 45 प्रतिश हो चुकी है वर्षा

बीते गुरुवार यानी 29 जून तक दिल्ली में 45 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। जून की सामान्य वर्षा 66.7 मिमी है, जबकि इस बार अभी तक 96.7 मिमी दर्ज की जा चुकी है। इससे पूर्व मार्च-अप्रैल और मई में भी इस साल सामान्य से अधिक ही वर्षा रिकार्ड की गई है।

वहीं, गुरुवार को लगातार पांचवे दिन वर्षा का दौर जारी रहा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे। दिन में भी बादलों की आवाजाही चलती रही। दिल्ली के कई इलाकों में तेज बरसात हुई।

इससे न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 71 प्रतिशत रहा।

साफ हुई दिल्ली की हवा

लगातार हो रही वर्षा और तेज हवाओं का खासा असर वायु गुणवत्ता पर भी नजर आ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 93 रहा।

इस स्तर की हवा ''संतोषजनक'' श्रेणी में आती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में वायु गुणवत्ता का स्तर संतोषजनक या मध्यम स्तर पर बना रहेगा।