रांची । पटना- रांची के बीच प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस का फिर से ट्रायल रन होगा। हालां‎कि रेलवे द्वारा आगामी 27 जून को उद्घाटन करने की तैयारी भी हो रही है। इससे पहले 12 जून को हुए ट्रायल रन के दौरान परिचालन में कई जगहों पर व्यवधान आया था। इसे पूरी तरह से दूर करने का निर्देश दिया गया है। इधर, ट्रेन को चलाने को लेकर पटना और रांची दोनों जगह तैयारियां जोरों पर हैं। बताया जा रहा है ‎कि झारखंड से इस ट्रेन को शुरू करने को लेकर रेलवे बोर्ड पर भारी दबाव है। उधर राजेन्द्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में ट्रेन का मेंटेनेंस जारी है। तैयारियों से जुड़े पूर्व मध्य रेल के एक शीर्ष अधिकारी के अनुसार 26 और 27 जून को उद्घाटन को लेकर तैयारी करने को कहा गया है। इधर ट्रेन के किराये के निर्धारण को लेकर अब भी अ‎नि‎श्चितता बनी हुई है। कैटरिंग व अन्य शुल्क क्या होगा इसकी गणना भी की जा रही है। अब तक रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम में किराया फीड नहीं किया गया है। रांची-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 27 जून को किया जाना है, लेकिन अभी तक पूर्व-मध्य रेलवे हाजीपुर व दक्षिण पूर्व रेलवे कोलकाता को आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। रेल मंत्रालय से अभी तक जोनल रेलवे व रांची रेलमंडल को भी कोई पत्र नहीं मिला है। ऐसे में शुभारंभ को लेकर रेलवे जोनल स्तर पर संशय की स्थिति बनी हुई है।
शायद इसी ‎लिए रेलवे की ओर से आधिकारिक रूप से वंदेभारत के समय सारणी, किराया, रफ्तार सहित अन्य जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। रेल सूत्रों के अनुसार रेल मंत्रालय 27 जून को पांच वंदेभारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करने जा रहा है। रांची से पटना वंदेभारत ट्रेन का उद्घाटन रांची में होने की संभावना जताई गई है। सुबह 10.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन जुड़ेंगे और 11 बजे रांची से फ्लैग ऑफ करेंगे। दूसरी ओर रांची रेलमंडल बिना आधिकारिक सूचना मिले अपने स्तर पर इसकी तैयारी भी कर चुका है।