भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द ओवल मैदान में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच के चौथे दिन भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने एक नया कीर्तिमान हासिल कर लिया है। उन्होंने दूसरी पारी के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट का एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया। रोहित शर्मा सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रनों के मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकल गए है।

 रोहित शर्मा ने हासिल किया ये खास मुकाम, धोनी भी छूटे पीछे

दरअसल, रोहित शर्मा सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में पांचवें भारतीय बन गए है। उनसे पहले एमएस धोनी के नाम ये उपलब्धि थी। बता दें कि धोनी ने अपने करियर में तीनों फॉर्मेटों में कुल 523 पारियों में 17092 रन बनाए। हालांकि, रोहित ने उनके इस आंकड़े को पार करते हुए पांचवे स्थान पर कब्जा कर लिया। रोहित शर्मा ने महज 43 रन बनाते ही इस स्पेशल क्लब में एंट्री की। इस क्लब में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों का नाम शामिल है। रोहित शर्मा के 461 अंतरराष्ट्रीय पारी में अब कुल 17105 रन हो गए हैं। उनका इस दौरान औसत 42.7 का रहा है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

1. सचिन तेंदुलकर- 34357 रन

2. विराट कोहली- 25380 रन

3. राहुल द्रविड़- 24064 रन

4, सौरव गांगुली- 18433 रन

5. रोहित शर्मा- 17115 रन

भारत को जीत के लिए चाहिए 280 रन

दरअसल, भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई टीम द्वारा दिए गए 444 रन के लक्ष्य के जवाब में तेज शुरूआत की थी। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे, लेकिन 8वें ओवर में गिल के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका लगा। गिल 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा 43 रन बनाकर आउट हुए। चेतेश्वर पुजारा का बल्ला ज्यादा नहीं चला और वह एक गलत शॉट खेलकर 27 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक कोहली 44* और रहाणे 20* रन बनाकर लौटे।