भोपाल  ।    प्रदेश में ओलावृष्टि और वर्षा से रबी फसलों को हुए नुकसान से किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को 159 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की। सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि के अंतरण की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद किया और कहा कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ हर दम खड़ी है। फसल बीमा का लाभ भी दिलाया जाएगा। इसके लिए कलेक्टरों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश ही देश में एक मात्र ऐसा राज्य है जो फसल की क्षति होने पर 32 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से राहत राशि देता है। जब रबी फसलें ओलावृष्टि और वर्षा से प्रभावित हुई थीं, तब सर्वे कराकर राहत राशि देने के निर्देश दिए थे। सर्वे का काम पूरा होते ही राहत राशि किसानों के खातों में पहुंचाने का काम प्रारंभ कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि कर्ज वसूली स्थगित की गई है। प्रभावित किसानों के घर बेटी का विवाह होने पर 55 हजार रुपये की मदद अलग से की जाएगी। किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। फसल कटाई प्रयोग के आधार पर फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को दिलाया जाएगा। इसके लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। समर्थन मूल्य पर चमकविहीन गेहूं खरीदने का निर्णय भी किया है। इस दौरान उन्होंने विदिशा जिले के रामबाबू, सागर जिले के प्राण सिंह, शिवपुरी की सविता यादव और मंदसौर के दयाल सिंह से पूछा कि सर्वे को लेकर संतुष्टि है या नहीं। सभी किसानों ने प्रक्रिया को पारदर्शी बताया।