इस्लामाबाद। पाकिस्तान के एक केंद्रीय मंत्री की सड़क हादसे में मौत हो गई। केंद्रीय धार्मिक मामलों के मंत्री मुफ्ती अब्दुल शकूर राजधानी इस्लामाबाद में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने कहा कि घटना शाम को इफ्तार के वक्त हुई है। वह एक स्थानीय होटल से सचिवालय चौक की ओर जा रहे थे। एक बयान में राजधानी की पुलिस ने कहा कि मंत्री खुद कार चला रहे थे। एक कार ‎जिसमें पांच लोग सवार थे, उनकी तरफ तेजी से आई और टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद मंत्री को राजधानी के पॉलीक्लिनिक अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था। लेकिन खून ज्यादा बह जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और टक्कर मारने वाली कार में सवार सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पांच में से दो युवक घायल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद इस्लामाबाद के आईजी अकबर नासिर खान, सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब और अन्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे।
गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने पुलिस को निर्देश दिया है कि इस घटना की पूरी जांच की जाए। इस्लामाबाद के आईजी खान ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों से कहा, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि मुफ्ती शकूर का निधन उनके सिर में चोट लगने से हुआ है। इस्लाम के जानकार मुफ्ती अब्दुल शकूर 2018 के आम चुनावों में मुत्तहिदा मजलिस-ए-अमल (एमएमए) के प्रत्याशी थे और जीत कर संसद पहुंचे थे। राष्ट्रपति डॉ आरिफ अल्वी ने भी केंद्रीय मंत्री के निधन पर अपना शोक व्यक्त किया। इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज ने भी शोक प्रकट किया।