मुरादाबाद | तीन दिन वर्षा के बाद मौसम के तेवर फिर तल्ख होने लगे हैं। शुक्रवार को आसमान पूरी तरह साफ और हवा भी नहीं चली। जिससे तेज धूप में रुकना मुश्किल होगा। मौसम एक सप्ताह से खराब था। एक से तीन मई तक वर्षा के कारण तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने से 30 डिग्री तक पहुंच गया था। शुक्रवार से फिर तापमान बढ़ना शुरू हो गया।अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा। एक ही दिन में चार डिग्री तापमान बढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अब तापमान निरंतर बढ़ेगा। तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 15 दिन पहले तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जिससे लू का प्रकोप बढ़ गया था।

तीन-चार दिन लू चलने के बाद तापमान 38 डिग्री तक आ गया था। लेकिन, गर्मी के तेवर कम नहीं थे। एक सप्ताह से तापमान में तेजी से गिरावट आई।अब वर्षा के बाद धूप तेज निकलने नश्तर चुभाने लगी है। सड़कों पर महिलाएं चेहरा ढक कर निकलीं। दोपहर में वाहनों की आवाजाही भी कम रही। कांठ रोड, दिल्ली रोड, रामपुर रोड, संभल रोड पर दोपहर में आवाजाही कम रही। छह मई को हल्के बादल छा सकते हैं। लेकिन, तापमान में कमी नहीं आएगी। 11 मई तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आसमान साफ होने धूप भी तेज रहेगी। बदलते मौसम में सावधानी बरतना सबसे जरूरी है।