कांग्रेस ने अपने राज में ओबीसी और आदिवासी समाज की उपेक्षा की 
भारतीय जनता पार्टी ने गरीबों को हक देने का काम किया
दिग्विजय सिंह ने किया पिछडा वर्ग आरक्षण का विरोध

 
मालथौन । 
 आज जो राहुल गांधी जातिवाद की मशाल हाथ में लेकर देश को जलाने निकले हैं उन्हें ये नहीं पता कि कांग्रेस ने अपने लंबे समय के शासनकाल में दलित, पिछड़ों और गरीबों का कितना नुकसान किया है। इन वर्गों की कितनी उपेक्षा कांग्रेस ने की है यह आप सभी को जानना जरूरी है। कांग्रेस ने भारत की सांस्कृतिक पहचान के चिन्हों को मिटाने का जैसा षड्यंत्र किया उसे लेकर सभी को तकलीफ होती है। यह बात केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री भूपेंद्र यादव ने खुरई विधानसभा के मालथौन स्टेडियम में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सभा को केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल और प्रदेश शासन के मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। श्री भूपेन्द्र यादव एवं श्री प्रहलाद पटेल ने सुरखी विधानसभा के राहतगढ में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया। 
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि बाबा साहब ने हमें संविधान दिया जिसमें दलित व पिछड़ी जातियों को आरक्षण दिया। आर्टिकल 340 के तहत ओबीसी समाज को आरक्षण देने के लिए बनी काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट को दफन करने का काम कांग्रेस सरकार ने ही किया था। कांग्रेस सरकार के बाद जब जनता पार्टी आई तब उसने मंडल कमीशन का गठन किया था। फिर कांग्रेस दस साल रही, लेकिन मंडल आयोग की सिफारिश लागू नहीं हुईं। जब भाजपा के समर्थन वाली वीपी सिंह सरकार आई तब ओबीसी आरक्षण के लिए मंडल आयोग की सिफारिश लागू हुईं। 2004 से 2014 तक केंद्र सरकार में यही राहुल गांधी और मनमोहन सिंह शामिल थे, लेकिन उन्होंने ओबीसी आरक्षण के लिए कुछ नहीं किया। इस तरह 75 साल से कांग्रेस ओबीसी आरक्षण में अड़ंगा लगा रही है। उन्होंने कहा कि स्व राजीव गांधी ने तो लोकसभा में आन रिकार्ड ओबीसी आरक्षण का विरोध किया था। 

दिग्विजय सिंह ने किया पिछडा वर्ग आरक्षण का विरोध

केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा लगातार कहती रही है कि पढ़ाई, नौकरी, मेडीकल, इंजीनियरिंग में एडमिशन में ओबीसी आरक्षण होना चाहिए। 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तब उन्होंने ओबीसी आरक्षण के लिए संवैधानिक आयोग बनाया और आरक्षण के लिए कानून बनाया। श्री यादव ने कहा कि ओबीसी आरक्षण की सिलेक्ट कमेटी का चेयरमैन मैं था। रिपोर्ट में सदस्य के नाते कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का ओबीसी आरक्षण के विरोध में नोट दर्ज है। यह कांग्रेस के ओबीसी प्रेम की असलियत है। जबकि हमने ओबीसी आरक्षण को ही संवैधानिक दर्जा देने के लिए ही नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर गरीबों को भी आरक्षण देने का कानून बनाया। इसे कहते हैं सबका साथ और सबका विकास। 

राम मंदिर हमारे लिए प्रतिबद्धता का विषय

केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर निर्माण से तकलीफ है। जबकि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि अयोध्या में भगवान श्री राम का विराट मंदिर हमारे लिए घोषणा पत्र का मुद्दा ही नहीं बल्कि हमारी प्रतिबद्धता का विषय है। 500 साल से मंदिर निर्माण की गुत्थी को कानून सम्मत रास्ते से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सुलझा दिया। उन्होंने कहा कि जब कमलनाथ मुख्यमंत्री बने तब इन्होंने आदिवासियों में सबसे पिछड़े बैगा, सहरिया और भारिया जनजातियों को भाजपा सरकार से मिलने वाली राशि तक बंद कर दी थी। 15 महीनों तक कमलनाथ ने आदिवासी हितों के लिए पेसा एक्ट लागू नहीं किया था। भाजपा सरकार ने आते ही पेसा एक्ट लागू किया। भाजपा की अटल बिहारी जी की सरकार ने आदिवासी समुदाय के लिए अलग मंत्रालय बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 साल के शासनकाल में परिवार के ही चार लोगों के नाम पर देश भर में स्मारक और संस्थान बनाए। जबकि भाजपा ने आजादी के अमृत महोत्सव में नये गौरव की शुरुआत देश की भाषाओं और क्षेत्रीय सेनानियों के नाम स्मारक बना कर की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने छिंदवाड़ा का विश्वविद्यालय शहीद शंकरशाह के नाम किया। हबीबगंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम, पातालपानी स्टेशन का नाम अमर शहीद टंट््या मामा के नाम किया। जनजातीय क्षेत्रों में मेडीकल कालेज शहीद बिरसा मुंडा के नाम किया। श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की लाडली लक्ष्मी व लाडली बहना योजना को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय गौरव की योजनाएं बताया।

गरीब कल्याण का संकल्प लेकर काम कर रही भाजपा सरकार

केन्द्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने सुरखी की जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल उम्मीदवार बनाती है, जबकि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। भाजपा विचार के लिए काम करती है और भाजपा का विचार और लक्ष्य विकास है। हम आश्वासन देने वाले लोग नहीं बल्कि हम काम करने वाले लोग हैं, विकास करने वाले लोग है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र का भी विकास किया है। भारत में भाजपा गरीब कल्याण का संकल्प लेकर काम कर रही है। इस दौरान जनसभा में उनके साथ केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटैल और जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी और कांग्रेस जातिवाद और बंटवारे का जहर घोलना चाह रहे-प्रहलाद पटेल

केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने खुरई और सुरखी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि खुरई और सुरखी में विकास की गंगा बही है। लेकिन सबसे बड़ी बात उनके विकास में यह रही कि उन्होंने विकास के साथ विरासत का भी संरक्षण किया और क्षेत्र के सारे मंदिरों का कायाकल्प करके रोटी के साथ राम को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि हम तीन लक्ष्य लेकर देश के हर दरवाजे पर दस्तक देते हैं। गरीब का कल्याण, महिला सशक्तिकरण, भारत को विश्व का और मध्यप्रदेश को भारत का सिरमौर बनाना हमारा लक्ष्य है। श्री पटेल ने कहा कि राहुल गांधी को मैं बता रहा हूं कि मध्यप्रदेश में तीन मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती, स्व श्री बाबूलाल गौर और श्री शिवराजसिंह चौहान पिछडा वर्ग से दिए हैं जबकि कांग्रेस ने अपने राज में एक भी ओबीसी मुख्यमंत्री नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्रियों की सूची उठा कर पढ़ लें, उसमें सिर्फ एक ही ओबीसी वर्ग से प्रधानमंत्री है जिनका नाम श्री नरेन्द्र मोदी जी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश संभावनाओं और संसाधनों से भरा राज्य है। हमारे यहां शांति है, जाति, नस्ल भाषा किसी भी तरह का विवाद हमारे मध्यप्रदेश में नहीं है लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस जातिवाद और बंटवारे का जहर यहां भी घोलना चाह रहे हैं। 
 खुरई से आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि हमने गरीब कल्याण महाअभियान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा दिए गए दायित्व को पूरा करने का प्रयास किया है। हम सब मिलकर उनके नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली, सशक्त भारत का निर्माण करेंगे जिसमें भारत के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना हो। 
सुरखी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह चुनाव मैं नहीं आप सब लोग लड़ रहे हैं। आपका आशीर्वाद सदैव मुझे मिलता रहा है इसके लिए मैं आप सबका ऋणी हूं। आप सभी इसी तरह आशीर्वाद बनाए रखें। 

विकास से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए स्थानीय नेता

भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति एवं मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह द्वारा किए गए विकास कार्यों से प्रभावित होकर खुरई में अनेक नागरिक भाजपा में शामिल हुए। डॉ. आशीष पटैरिया, श्री कृष्ण कुमार घोषी, श्री विजय लोधी, श्री राकेश यादव, श्री राजाराम अहिरवार, श्री मोरपाल यादव, श्री जगदीश अहिरवार, श्री अरविंद अहिरवार, श्री शेवलाल अहिरवार, श्री प्रीतम सिंह, श्री नीलेश अहिरवार सहित सैकडों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को श्री अबिराज सिंह, वरिष्ठ नेता श्री मदन दुबे और श्री चंद्रभान सिंह यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता श्री प्रमोद तिवारी एवं आभार श्रीमती श्वेता यादव ने माना। कार्यक्रम में पूर्व बीज विकास के अध्यक्ष श्री महेंद्र यादव (ग्वालियर), श्री राजेंद्र सिंह बुंदेला दरी, सागर महापौर श्रीमती संगीत तिवारी, श्री दुरगसिंह परिहार, श्री रामदयाल पाठक, श्री गोविंद सिंह खिरिया सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।