कई दिनों के शुष्क मौसम के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी तेज रहेगी। इससे उमस भरी गर्मी भी कम होगी। बुधवार को भी सुबह धूप खिल गई थी।

मौसम विभाग का अनुमान आज हो सकती है बारिश

दिन चढ़ने के साथ यह और तीखी होती गई। दिन भर तेज धूप निकली रही। बीच बीच में बादलों की आवाजाही भी बनी रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य तापमान है। हवा में नमी का स्तर 79 से 61 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है।

चलेंगी तेज हवाएं

इस दौरान हवा की गति 12 किमी प्रति घंटा रहने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट होगी और गर्मी की चुभन भी कम होगी। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की हवा लगातार ही साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 118 रहा। इस स्तर की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का यही स्तर बना रहेगा।