मुंबई । महाराष्ट्र के पूर्व राजस्व मंत्री और कांग्रेस के सीनियर लीडर बालासाहेब थोराट ने एकनाथ शिंदे और अजित पवार को लेकर बड़ा बयान दिया है। थोराट ने कहा है कि मौजूदा समय में राज्य में एक मुख्यमंत्री हैं, एक पूर्व मुख्यमंत्री जो अब उपमुख्यमंत्री हैं और एक वर्तमान उपमुख्यमंत्री हैं जो मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। थोराट ने कहा कि एक म्यान में दो तलवारें नहीं रह सकती हैं। लेकिन महाराष्ट्र में तो तीन तलवारों को एक म्यान में रखने का काम शुरू है। बालासाहेब थोराट ने कहा कि ऐसा नहीं लगता कि वे (शिंदे-फडणवीस-अजित पवार) आपसी समझ से सरकार चलाएंगे। दूसरी तरफ आम लोगों में इस सरकार के खिलाफ काफी गुस्सा है। थोराट ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं टूटेगा। इसके उलट थोराट ने यह भरोसा जताया कि कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों का एकजुट होकर सामना करने से कांग्रेस राज्य में नंबर वन पार्टी होगी।
थोराट ने कहा कि महाराष्ट्र में फिलहाल राजनीतिक अराजकता की स्थिति है। ऐसे हालात इसके पहले कभी नहीं देखे। समय- समय पर राजनीति बदलती है, कुछ बदलाव भी होते हैं। जो कुछ राज्य की सियासत में अभी हो रहा है ऐसा कभी नहीं हुआ। एक साल में दो पार्टियों को तोड़ा गया। बीजेपी ने सत्ता के लिए कुछ भी करने का मूलमंत्र लेकर सरकार बनाई है। विधायक नए मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों के बीच टकराव और नाराजगी का माहौल है। जहां फसल बोई गई है वहां पानी नहीं है। इससे किसानों में निराशा की स्थिति उत्पन्न हो गई है।