नई दिल्ली। यमुना नदी के उफान में कमी आने लगी है। दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य राज्यों में पिछले दिनों हुई मूसलधार वर्षा के कारण बुधवार रात से ही यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा था। बृहस्पतिवार देर शाम आठ बजे यह 206 मीटर के स्तर से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद इसमें कमी आने लगी थी।

शुक्रवार शाम को भी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी, पर जलस्तर में कमी आने से शनिवार सुबह तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दिल्ली में दो दिन से अधिक वर्षा नहीं हुई है। हथिनीकुंड से भी बृहस्पतिवार रात से प्रति घंटे लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि उत्तर भारत के मौसम पर आने वाले समय में यमुना में जलस्तर की स्थिति निर्भर करेगा। फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है।

समय जलस्तर
रात एक बजे 205.35
रात दो बजे 205.35
रात तीन बजे 205.36
सुबह चार बजे 205.37
सुबह पांच बजे 205.37
सुबह छह बजे 205.36

अपनी नाकामी छिपा रही है सरकार: भाजपा

भाजपा ने सीएम पर बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने में कैबिनेट के निर्णय की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अपनी सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए सीएम ने प्रभावितों को 10-10 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। यदि नुकसान का आकलन करते, तो उन्हें पता चलता कि यह राशि कितनी कम है।