प्रयागराज: खाने का पैसा मांगने पर मंगलवार रात कुछ युवकों ने होटल मिलन दि ढाबा पर बखेड़ा कर दिया। विरोध पर होटल मालिक को तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इससे कर्मचारियों में खलबली मच गई।

मौके पर पहुंची शाहगंज पुलिस ने छानबीन की तो झगड़ा करने वालों के पास से तमंचा व कारतूस मिली। तब होटल मालिक रंजन निषाद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए महेंद्र कुमार व मुनमुन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया।

पैसा मांगने पर युवकों ने तमंचा सटाकर धमकाया

लीडर रोड पर होटल मिलन दि ढाबा स्थित है। बताया गया है कि मंगलवार रात भोपतपुर धूमनगंज निवासी महेंद्र कुमार और करेहदा करेली का मुनमुन शुक्ला होटल में पहुंचे। दोनों ने खाना खाया। करीब पांच सौ रुपये का बिल हुआ। आरोप है कि होटल कर्मचारी ने पैसा मांगा तो खाना खराब होने की बात कहते हुए नशे में धुत युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। फिर गाली-गलौज करते हुए बखेड़ा करने लगे।

यह भी आरोप है कि होटल मालिक को तमंचा सटाकर धमकी दी, जिससे कर्मचारियों में खलबली मच गई। तब तक खबर पाकर थानाध्यक्ष शाहगंज मुदित राय, लीडर रोड चौकी प्रभारी मनोज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास किया तो घेरकर पकड़ लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया के महेंद्र और मुनमुन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके खिलाफ कर्नलगंज, घूरपुर, करेली समेत कई थाने में मुकदमे दर्ज हैं।