Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 19 अप्रैल से 1 जून के बीच सात चरणों में होने वाले हैं। लोकसभा चुनाव का रिजल्ट 4 जून 2024 को घोषित किया जाएगा। भारत भर में विभिन्न राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनी पार्टी का अभियान भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की 6-6 लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने अब तक कुल 405 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस ने कुल 190 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। आइए जानते हैं भाजपा और कांग्रेस की उन पांच सीटों के बारे में जहां सीधी टक्कर से बदल सकते हैं कई समीकरण।

वाराणसी में पीएम मोदी बनाम अजय राय

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए 45 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची में उत्तर प्रदेश के वाराणसी से अजय राय को टिकट दी है। वहीं भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी से उम्मीदवार बनाया। अजय राय ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में वाराणसी संसदीय क्षेत्र से पीएम मोदी को चुनौती दी थी लेकिन दोनों बार हार गए थे।

छिंदवाड़ा में नकुल नाथ बनाम विवेक बंटी साहू

कांग्रेस ने अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बेटे नकुल को छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है। नकुल नाथ ने आज 26 मार्च को अपना नामांकन फार्म जमा कर दिया है। छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 72 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू को मैदान में उतारा है।

कोटा में ओम बिरला बनाम प्रह्लाद गुंजल

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने होली पर अपने उम्मीदवारों की छठी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में कांग्रेस ने राजस्थान के कोटा से प्रह्लाद गुंजल को मैदान में उतारा है। प्रहलाद​​​ गुंजल कुछ दिन पहले ही बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए है। वहीं भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में ही कोटा से ओम बिरला को टिकट दे दी थी। इस सीट पर कांटे की टक्कर की संभावना जताई जा रही है।

गांधीनगर में अमित शाह बनाम सोनल पटेल

कांग्रेस ने 20 मार्च को लोकसभा चुनाव के लिए अपने 57 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में कांग्रेस ने गुजरात के गांधीनगर से सोनल पटेल को मैदान में उतारा है। सोनल पटेल महाराष्ट्र की कांग्रेस सह-प्रभारी हैं और गुजरात महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष हैं। सोनल पटेल के पिता रमनभाई पटेल भी कांग्रेस के बड़े नेता थे। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पहली लिस्ट में ही गांधीनगर से गृह मंत्री अमित शाह को मैदान में उतारा है। यह सीट राजनीतिक मायने से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।

राजनांदगांव में संतोष पांडेय बनाम भूपेश बघेल

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के शंखनाद के साथ ही अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर नाम का एलान कर दिया था। भाजपा ने राजनांदगांव-कबीरधाम लोकसभा सीट से संतोष पांडेय को उम्मीदवार बनाया है। संतोष पांडेय कवर्धा के रहने वाले हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में संतोष पांडेय ने राजनांदगांव से जीत दर्ज की थी। वहीं कांग्रेस ने भी 8 मार्च को अपनी पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव निर्वाचन क्षेत्र से आगामी लोकसभा चुनाव का टिकट दिया। भूपेश बघेल की पाटन निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत पकड़ है। यहां से वह कई बार विधानसभा चुनाव जीते हैं।