नई दिल्ली ।   दिल्ली-एनसीआर में अचानक शनिवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर सूरज की तपिश के बाद अचानक अंधेरा छा गया और तेज धूल भरी हवा चलने लगी। आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने पहले ही शनिवार और रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। 

24 घंटे पहले दर्ज हुआ था सीजन का सबसे गर्म दिन

इससे पहले शुक्रवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जोकि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

मौसम विभाग की संभावना करीब करीब सटीक साबित हुई

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं। वहीं शुक्रवार को धूल भरी आंधी चलने की आशंका भी जताई थी, जो सटीक साबित हुई है। 

मध्यम श्रेणी में दिल्ली का एक्यूआई

शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 196 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 100 के पार दर्ज किया। हालांकि, दिल्ली की हवा समग्र रूप से मध्यम श्रेणी में बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार तक हवा मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक शनिवार को औसतन 16 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा दक्षिण से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। वहीं, रविवार को हवा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 16 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। 
सोमवार को हवा विभिन्न दिशा से चल सकती है। हवा की गति 8 से 20 किमी रहने के आसार हैं। मंगलवार को हवा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 8 से 32 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है।

गुरुग्राम की हवा रही सबसे अधिक प्रदूषित

सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में गुरुग्राम का सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया। यहां एक्यूआई 266 रहा, यह खराब श्रेणी है। फरीदाबाद में 226, ग्रेटर नोएडा में 224, नोएडा में 193 व गाजियाबाद में 158 एक्यूआई दर्ज किया गया।