नई दिल्ली | दिल्ली में 12 साल बाद सबसे लंबी शीत लहर रही है। इस साल जनवरी में आठ दिन ऐसे रहे हैं जब तापमान चार डिग्री से काफी कम रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह शीत लहर का आठवां दिन था। इससे पहले पांच से नौ जनवरी तक न्यूनतम तापमान चार डिग्री से कम और 16 से 18 जनवरी तक तापमान तीन डिग्री से कम दर्ज हुआ था।अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार रात से हल्की बारिश होगी। वहीं 23 से 24 जनवरी को फिर से हल्की बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी।

वहीं, अब तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 24 जनवरी तक अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री पहुंचने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 19.6 और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में लोदी रोड में सबसे कम 2.2 डिग्री, रिज में 2.3, जाफरपुर में 2.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार तक शीत लहर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया था।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अब शीत लहर से राहत मिलेगी। गुरुवार से शीत लहर का प्रकोप खत्म हो जाएगा। 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहने का अनुमान है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ना केवल तापमान में बढ़ोतरी होगी बल्कि गुरुवार रात को हल्की बूंदाबांदी व बारिश का अनुमान है। आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है। वहीं 20 से 22 जनवरी तक सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा।दिल्ली में वर्ष 2012 से 2023 तक शीत लहर इतनी लंबी नहीं चली। पांच जनवरी को न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री, छ: जनवरी को चार डिग्री, सात डिग्री 2.2 डिग्री, आठ जनवरी को 1.9 डिग्री, 16 जनवरी को 1.4 डिग्री, 17 जनवरी को 2.4 डिग्री व 18 जनवरी को 2.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।