World Athletics Championships: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेरिका की कैटी मून और ऑस्ट्रेलिया की नीना केनेडी ने पोलवॉल्ट में स्वर्ण पदक को आपस में बांटने का फैसला किया। दोनों पुरानी दोस्त हैं। इस घटना ने 2020 टोक्यो ओलंपिक के ऊंची कूद के फाइनल की याद दिला दी, जब कतर के मुताज बारशिम और इटली के गियानमार्को थाम्बेरी ने ऐसा किया था, जिसे मानवता का मेडल कहा गया। मून के कॅरिअर का विश्व चैंपियनशिप में यह दूसरा स्वर्ण है। उन्होंने पिछले साल इयूगने में स्वर्णिम सफलता हासिल की थी लेकिन गत ओलंपिक चैंपियन ने ऐसा पदक कभी नहीं जीता था। पिछले साल की 4.85 सेंटीमीटर की ऊंचाई से बार पांच सेंटीमीटर ऊपर रखा गया। दोनों ने 4.90 अंतिम प्रयास में पार कर लिया लेकिन 4.95 के प्रयास को दोनों ही लांघ नहीं सकी। कैटी ने संयुक्त स्वर्ण का प्रस्ताव रखा। यह सुनकर नीना की आंखों में आंसू आ गए कि उन्होंने भी स्वर्ण जीता है। पिछली चैंपियनशिप में वह कांस्य पदक ही जीत सकी थी।

मून दूसरी बार विश्व चैंपियनशिप से स्वर्ण लेकर जाएंगी लेकिन यह स्वर्ण उन्हें ताउम्र याद रहेगा। विश्व चैंपियनशिप के इतिहास में पहली बार किसी पदक की हिस्सेदारी हुई है। मून ने कहा कि हम दोनों ने एकसमान अच्छा प्रदर्शन किया। दरअसल हम दोनों ही जीते हैं और यही सही निर्णय है। फिनलैंड की विलमा मुरटो ने 4.80 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

मैंने सोचा नहीं था वो इसे बांटने की बात कहेंगी। लग रहा था कि हमें लगातार कूदते रहना होगा। मैंने उसकी तरफ देखा और पूछा क्या आप यह कहना चाह रही है कि हम स्वर्ण बांट लें। यह कहते हुए उनके चेहरे पर राहत थी और आप मेरे चेहरे पर यह देख सकते हैं। यह आपसी सहमति से हुआ है। हम दोनों पुरानी दोस्त हैं। कैटी के साथ स्वर्ण बांटना अविश्वसनीय है।

ओलंपिक में ऊंची कूद में बंटा था मानवता का मेडल
टोक्यो ओलंपिक में ऊंची कूद के एथलीट मुताज बारशिम और इटली के गियानमार्को थाम्बेरी ने एक समान 2.37 मीटर की छलांग लगाई। दोनों को तीन-तीन जंप और लगाने को कहा गया लेकिन इसमें भी फैसला नहीं हो सका। तब एक-एक अतिरिक्त जंप लगाने को कहा गया लेकिन इस दौरान इटली का खिलाड़ी चोटिल हो गया तो बारशिम के पास एक जंप लगाकर स्वर्ण जीतने का मौका था लेकिन उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अगर वह भी जंप नहीं लगाते हैं तो क्या होगा। जवाब मिला, स्वर्ण पदक दोनों में बांट दिया जाएगा, इस पर उन्होंने जंप से नाम वापस ले लिया और दोनों स्वर्ण पदक के संयुक्त विजेता रहे।