छात्रा ने एकल नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले व विद्यालय का नाम किया रोशन
अनूपपुर। अनूपपुर जिले की सुविख्यात शैक्षणिक संस्थान केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी ने लगातार दूसरी बार इतिहास रचते हुए जमुना कोतमा क्षेत्र और जबलपुर संभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर अंकित कर गौरवान्वित किया है। केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी की छात्रा हरीतिमा लाल ने एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव के अंतर्गत प्रतियोगिताओं के राष्ट्रीय स्तर पर कोलकाता, पश्चिम बंगाल में  आयोजित एकल नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 1300 केंद्रीय विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया था। जिसमे विद्यालय से दो छात्र, एकल नाटक मे हरीतिमा लाल एवं एकल गायन मे प्रियाश द्विवेदी ने संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया। हरितिमा ने एकल नाटक में मध्यप्रदेश के गोंडवाना राज्य की रानी दुर्गावती का किरदार निभाया। उनके अभिनय को जूरी ने बहुत सराहा। ज्ञात रहे पिछले वर्ष इसी प्रतियोगिता मे विद्यालय से दीपक कुमार सोनी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अब इस प्रतियोगिता के अगले पढ़ाव मे एनसीईआरटी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता मे भाग लेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी के प्राचार्य मनोज कुमार ने हरीतिमा लाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरीतिमा लाल ने अपने अभिनय से पूरे विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने हरीतिमा लाल के प्रशिक्षक संगीत शिक्षक शरदेंदु प्रियदर्शी  को भी बधाई दी। साथ ही सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिये केंद्रीय विद्यालय संगठन, जबलपुर संभाग के माननीय आयुक्त सौमित श्रीवास्तव, उपायुक्त हीरा लाल, श्रीमती सरोज डबास, श्रीमती किरण शर्मा एवं शहडोल क्लस्टर प्रभारी प्राचार्या श्रीमती प्रीति मिश्रा को धन्यवाद ज्ञापित किया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर संभाग के आयुक्त सौमित श्रीवास्तव ने भी हरीतिमा लाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरीतिमा लाल के इस प्रदर्शन से अन्य छात्रों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने हरितिमा लाल को आगे और भी अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। हरीतिमा लाल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय को दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी विद्यालय और देश के लिए मेहनत करती रहेंगी।